भिलाई। छत्तीसगढ़ डॉग लवर्स एसोसिएशन द्वारा सेक्टर-7 ग्राउंड, भिलाई में आयोजित 26वां वार्षिक डॉग शो शहरवासियों के लिए उत्साह, आकर्षण और पशु प्रेम का बड़ा केंद्र बन गया। कार्यक्रम में विभिन्न नस्लों के खूबसूरत और प्रशिक्षित डॉग्स के करतबों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे पशु प्रेमियों ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
इस भव्य आयोजन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय विशेष रूप से शामिल हुए और डॉग शो का अवलोकन किया। उनके साथ समाजसेवी एवं हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, रिंकू साहू, स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं में डॉग्स की फुर्ती, अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। खास आकर्षण का केंद्र रहा पुलिस बल के डॉग स्क्वॉड, जिनके प्रशिक्षित श्वानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि ये श्वान हमारी सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं।
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पशु प्रेम, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में पशुओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और पशु कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

पूरे आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे स्टॉल, प्रतियोगिताएं और डॉग्स के साथ फोटो लेने की होड़ ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और पशु प्रेमियों का आभार जताया।
सेक्टर-7 में आयोजित यह 26वां डॉग शो न सिर्फ मनोरंजन बल्कि मानवीय संवेदना और पशु कल्याण का सशक्त संदेश देकर यादगार बन गया।




