तेज बहाव में बीच धार अटकी गाड़ी, महिलाओं-बच्चों समेत सभी सुरक्षित: हर साल बनता है जानलेवा हालात
कवर्धा। पंडरिया विकास खंड के वनांचल ढोलढोली रपटे पर गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश से रपटे पर तेज बहाव के बीच 20 से 25 यात्रियों से भरी एसएमएल मजदा बीच धार में फंस गई। वाहन में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी सवार थे। अचानक गाड़ी रुकते ही चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी फैल गई।
ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव में उतरे ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। समय पर मदद न मिलती तो जनहानि हो सकती थी।

दर्जनों गांवों को जोड़ता है रपटा
ढोलढोली रपटा छिंदीडीह, सारपानी, भाकुर, पीपरटोला, सेंदुरखार, देवान पटपर समेत दर्जनों गांवों का प्रमुख मार्ग है। रोज हजारों ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। हर मानसून में रपटे पर तेज बहाव से आवागमन ठप हो जाता है और लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
ऊंचे पुल की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल यही स्थिति बनती है, फिर भी स्थायी समाधान नहीं हुआ। लंबे समय से यहां ऊंचे पुल के निर्माण की मांग की जा रही है ताकि बरसात में जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से बरसात में संवेदनशील रपटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पुल निर्माण की दिशा में जल्द कार्रवाई की मांग की है।