“छठ महापर्व की रौनक बढ़ी — स्मृति नगर तालाब हुआ रोशनी से गुलज़ार!”
अखिलेश सिंह बंटी , भिलाई। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर भिलाई नगर निगम ने कमर कस ली है। स्मृति नगर तालाब, जो कि साईं मंदिर और काली मंदिर के पास स्थित है तथा स्मृति नगर थाना के ठीक सामने है, अब पूरी तरह से रोशनी से जगमगा उठा है। तालाब के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
बीते कई दिनों से यह तालाब शाम ढलते ही नशेबाजों का अड्डा बन गया था, लेकिन अब पूरी व्यवस्था बदल गई है। तालाब की जगमगाती लाइटें, रंग-रोगन और नई चैनलिंक फेसिंग ने इस स्थान की सूरत ही बदल दी है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए यह घाट अब आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।
नगर निगम के जोन कार्यालय नेहरू नगर के उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा ने लगातार मॉनिटरिंग कर सभी कार्यों की बारीकी से देखरेख की। एजेंसी की मेहनत और निगम के समर्पित प्रयासों से यह तैयारी सफल मानी जा रही है।
स्थानीय पार्षद मुकेश अग्रवाल, महापौर नीरज पाल और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की पहल से स्मृति नगर तालाब का कायाकल्प हुआ है। साथ ही नगर निगम ने शहर के अन्य तालाबों में भी छठ पर्व की तैयारियों को विशेष रूप से तेज कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भिलाई के तालाबों में इस वर्ष छठ महापर्व पहले से भी ज़्यादा रोशनी, रंग और श्रद्धा का संगम लेकर आने वाला है।

नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब का भी हो रहा सौंदर्यीकरण
नेहरू नगर स्थित गुरुद्वारा से सटा भेलवा तालाब भी अब आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। विधायक निधि से इस तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य जारी है, जो कि जोन कार्यालय के पास ही स्थित है।
यह तालाब शहरवासियों के लिए हमेशा से एक शांत और सुंदर स्थल रहा है। सुबह के समय यहां बुजुर्गों की टीम योग और व्यायाम करती है। पहले कई दिनों तक यह क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा ने तालाब के संधारण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कराया है, जो अब अंतिम रूप लेने के लिए तैयार है।
ऐसे ही विकास कार्यों से शहर में न केवल सौंदर्य बढ़ रहा है, बल्कि लोगों के लिए सुविधाओं और सुरक्षा की नई मिसाल भी बन रही है।