डॉ. अजय आर्य को दिया गया निमंत्रण, सामाजिक एकता का दिया गया संदेश
भिलाई। संताजी महाराज सांस्कृतिक मंडल, महाराष्ट्रीयन तेली समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक उत्सव इस वर्ष 18 जनवरी 2026, रविवार को खंडेलवाल भवन, वैशाली नगर में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय आयोजन में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समाज की सांस्कृतिक परंपरा, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्नेह सम्मेलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विभिन्न प्रतियोगिताएँ, सम्मान एवं पुरस्कार वितरण जैसे आयोजन होंगे। वार्षिक उत्सव के निमंत्रण हेतु समाज के प्रतिष्ठित पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन सक्रिय रूप से समाजबंधुओं से संपर्क कर रहे हैं। इसी क्रम में डॉ. अजय आर्य एवं डॉ. अजहर मलेवार को निमंत्रण देने समाज के गणमान्यजन उनके निवास पहुंचे।
निमंत्रण मंडल में समाज के अध्यक्ष राजेंद्र डोरले, महिला समाज की प्रमुख निशा मलेवार, सचिव हेमा पोहाने, कोषाध्यक्ष संजय मरगढे तथा अध्यक्ष राजेंद्र भांगे प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. अजय आर्य ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम होते हैं। समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी से विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। वहीं डॉ. अजय मलेवार ने भी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। समाज नेतृत्व ने सभी समाजबंधुओं से आग्रह किया है कि वे खंडेलवाल भवन, वैशाली नगर पहुंचकर वार्षिकोत्सव को सफल बनाएं और समाज की एकता व पहचान को और अधिक मजबूत करें।
