भिलाई। कांग्रेस पार्टी के “संगठन सृजन अभियान” के तहत आज भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी में जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कार्यक्रम का आयोजन अमित इंटरनेशनल होटल भिलाई में किया गया, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह बैठक संपन्न हुई।
इस अवसर पर AICC पर्यवेक्षक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पीसीसी ऑब्जर्वर एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, पीसीसी ऑब्जर्वर एवं विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व मंत्री बी.डी. कुरैशी, विधायक देवेंद्र यादव तथा पूर्व विधायक प्रतिमा चन्द्रकार उपस्थित रहे।
बैठक में भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले 7 ब्लॉकों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जैसे ही दोपहर 12 बजे बैठक प्रारंभ हुई, पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू ने जिला अध्यक्ष पद हेतु आवेदन आमंत्रित करने की घोषणा की। घोषणा के मात्र 13 मिनट के भीतर 37 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष पद हेतु आवेदन फॉर्म लिया, जिसमें कई वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे।

फॉर्म लेने वालों में भिलाई नगर निगम की पहली मेयर नीता लोधी, पूर्व साडा अध्यक्ष बृजमोहन सिंह, MIC सदस्य लालचंद वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता कतार में नजर आए।
आवेदन प्रक्रिया के पश्चात पर्यवेक्षक लल्लू ने सभी आवेदकों एवं कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद प्रारंभ किया। होटल परिसर में कांग्रेसजनों की भारी भीड़ के कारण बैठक स्थल में गहमागहमी का माहौल रहा।
वार्ता के दौरान लल्लू ने कहा कि—
“भिलाई जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष केवल संगठन का संचालन नहीं करेगा, बल्कि वह कांग्रेस की चुनाव समिति का एक महत्वपूर्ण सदस्य भी होगा। आने वाले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर होगी।”
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि— “संगठन के हर निर्णय में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक राय ही कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मज़बूत करेगी। कांग्रेस मज़बूत होगी, तो देश मज़बूत होगा।”