नौ हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली
दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। इसी तारतम्य में दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र पदुमनगर, भिलाई-चरोदा जोन में 3.15 एम.व्ही.ए. के पॉवर ट्रांसफार्मर को बदलकर 05 एम.व्ही.ए. का पॉवर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। पूर्व से स्थापित 05 एम.व्ही.ए. के ट्रांसफार्मर को मिलाकर उपकेंद्र की क्षमता बढ़कर 10 एम.व्ही.ए. हो गई है। विद्युत उपकेंद्र में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत संपन्न किया गया।

उल्लेखनीय है कि पॉवर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि से विद्युत उपकेंद्र पुदमनगर के लगभग 9465 उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज एवं ओवर लोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी एवं सभी घरों तक उच्च गुणवत्ता की बिजली पहुंचेगी। विद्युत उपकेंद्र में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमतावृद्धि से उम्दा, पदुमनगर, ड्रीम सिटी, एवरग्रीन, विश्व बैंक कॉलोनी, विट्ठलपुरम आदि क्षेत्र के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने अधीक्षण अभियंता जे.जगन्नाथ प्रसाद, कार्यपालन अभियंता डी.के.भारती, एस.के.राय एवं टी.एन.बंछोर, सहायक अभियंता डी.के.साहू, मुकेश कुमार लहरे एवं श्रीमती मोनिका नायर और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए बताया कि पॉवर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने से उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।




