कोहका, विजयदशमी के पावन अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित भव्य दशहरा उत्सवों में सम्मिलित होकर श्रीराम के आदर्शों और हमारी सनातन परंपराओं को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति, कोहका द्वारा आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में प्रभु श्रीराम की दिव्यता और मर्यादाओं का स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा भव्य झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनमानस को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया गया। यह पर्व समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।

इसी क्रम में जागृति दुर्गोत्सव एवं दशहरा उत्सव समिति द्वारा जवाहर नगर दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी की गई। आदर्श रामलीला मंडली द्वारा प्रस्तुत रामलीला में भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, सेवा और धर्म के प्रति समर्पण की भावना को अत्यंत प्रभावशाली रूप में मंचित किया गया। यह आयोजन जनमानस को सदैव सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

बैकुंठधाम में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम ने यह सशक्त संदेश दिया कि अधर्म और असत्य चाहे कितना भी बलशाली प्रतीत हो, अंत में विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
इसी श्रृंखला में सेक्टर 7 में युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल द्वारा आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में भाग लेकर रामलीला मंचन के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों से समाज को अवगत कराया गया। रावण दहन के क्षण ने बुराई पर अच्छाई की विजय के संकल्प को और भी दृढ़ किया।
विजयदशमी का यह पावन पर्व हम सभी को प्रेरित करता है कि हम सत्य, धर्म, सदाचार एवं सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलें और समाज में प्रेम, शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित गणमान्यजन:
इस पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष (दुर्ग) सरस्वती बंजारें, पार्षद अरुण सिंह, HTC के डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह (छोटू भाई), सभापति गिरवर (बंटी) साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, राजेन्द्र सिंह अरोरा, निशिकांत शर्मा, मनोज सोनी, कनहैया सोनी सहित अनेक श्रद्धालु एवं रामभक्त उपस्थित रहे।

जय श्रीराम!




