Bhilai। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के माइन्स समूह ने लगातार दूसरी बार जॉइंट कमिटी ऑन सेफ्टी, हेल्थ एंड इनवायरमेंट इन द स्टील इंडस्ट्री (जेसीएसएसआई) द्वारा आयोजित पुरस्कारों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त की।
वर्ष 2023 और 2024 के लिए यह समूह योजना-3 (माइन्स समूह) के अंतर्गत “नो फैटल एक्सीडेंट” तथा “नो फैटल एक्सीडेंट इन्वोल्विंग कॉन्ट्रेक्टचुअल वर्कर्स” – इन दोनों महत्वपूर्ण श्रेणियों में विजेता घोषित हुआ।
यह पुरस्कार समारोह 25 जुलाई 2025 को राँची स्थित जेएससीए स्टेडियम परिसर में आयोजित किया गया, जहाँ भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद, मुंबई के निदेशक आरआर. देवघरे द्वारा भिलाई टीम को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर संयंत्र की ओर से माइन्स विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
तत्पश्चात 28 जुलाई 2025 को माइन्स अधिकारीयों द्वारा कार्यपालक निदेशक (माइन्स) बिपिन कुमार गिरि को संयंत्र में औपचारिक रूप से सौंपा गया।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए कार्यपालक निदेशक (माइन्स) बिपिन कुमार गिरि सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन द्वारा भिलाई माइन्स समूह को बधाई दी गई। यह सम्मान न केवल खदानों की परिचालन उत्कृष्टता को रेखांकित करता है, बल्कि मानव जीवन एवं सुरक्षा के प्रति संयंत्र की रणनीतिक प्राथमिकता को भी दर्शाता है।
सक्रिय जोखिम प्रबंधन, निरंतर सुरक्षा प्रशिक्षण, और संविदा श्रमिकों सहित कार्यबल की समावेशी भागीदारी के माध्यम से भिलाई माइन्स समूह ने अनुकरणीय सुरक्षा रिकॉर्ड स्थापित कर यह सम्मान अर्जित किया है।
