भिलाई। बीएसपी को कुर्की करने की तैयारी नगर निगम भिलाई कर रहा है। इसके लिए निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर कुर्की दल का गठन किया गया है। जोन 5 के आयुक्त कुलदीप गुप्ता को कुर्की दल का इंचार्ज बनाया गया है। जिन्होंने आज सुबह से लेकर दोपहर तक निगम के राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर गुप्त बैठक की है। बैठक करके दिन भर रणनीति बनाई है कि किस तरह से वे बीएसपी की संपत्ति को कुर्की करेंगे। देर शाम तक रणनीति बनाकर निगम प्रशासन ने विधिवित कलेक्टर सहित एसडीएम, तहसीलदार, एसपी से लेकर संबंधित पुलिस थाने और बीएसपी प्रबंधन को भी पत्र भेज दिया है।
पत्र भेज कर कुर्की की जानकारी दे दी है। बीएसपी प्रबंधन को भी साफ कर दिया है कि नगर निगम भिलाई 12 सिंतबर को बीएसपी प्रबंधन के सिविक सेक्टर स्थिति नगर सेवा विभाग के प्रमुख भवन को कुर्की करने पहुंचेंगे। इस लेटर के बाद से शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।आप को बता दे कि नगर निगम भिलाई और बीएसपी प्रबंधन के बीच सालों से टैक्स को लेकर विवाद चल रहा है। निगम आयुक्त राजीव पांडेय ने करीब एक माह पहले बीएसपी प्रबंधन को नोटिस भेजा था। जिसमें बीएसपी प्रबंधन पर स्व विवरणी में वास्तविक संपत्ति छिपाने का आरोप लगाते हुए पेनाल्टी और अधिभार लगाते हुए 2.28 अरब रुपए का प्रापर्टी टैक्स जमा करने कहा था।

इसके लिए 30 दिन की मोहल दी थी, जिसकी मियाद 11 सितंबर को पूरी होगी। यदि समय पर राशि नहीं मिला तो निगम 12 को टीए बिल्डिंग का घेराव कर सील कर देगा और उसकी कुर्की करेगा। निगम आयुक्त की माने तो बीएसपी ने हर साल की तरह 2024-25 में स्वविवरणी के साथ 9 करोड़ 24 लाख 79 हजार 266 रुपए टैक्स जमा किया है। इसमें संपत्तिकर 7 करोड़ 22 लाख 27 हजार 515 रुपए है। शिक्षा उपकर 72 लाख 22 हजार 751 रुपए, समेकित कर 1 करोड़ 30 लाख 29 हजार रुपए है। निगम प्रशासन ने बीएसपी के स्वविवरणी की जांच की। इसके बाद जो अंतर की राशि आई उसमें निगम ने 5 गुणा पेनाल्टी, अधिभार लगाकर सीधे 2 अरब 28 करोड़ 7 लाख 49 हजार 734 रुपए की जमा करने का कुर्की वारंट नोटिस।