जांच के घेरे में भाजपा का बड़ा नेता, अग्रिम जमानत पर आज सुनवाई
बलौदा बाजार। जिले में वर्ष 2024 में सामने आए बहुचर्चित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग (भयादोहन) प्रकरण में एक बार फिर सनसनीखेज मोड़ आ गया है। पुलिस जांच के दौरान शहर के एक बड़े भाजपा नेता का नाम सामने आने से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है।
अब तक इस मामले में कुल 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनके चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस जांच में पुलिस अधिकारी, पत्रकार, वकील, सफेदपोश नेता और कुछ युवतियों की भूमिका सामने आई थी, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर रिहा हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेता का नाम जांच में आते ही वे पिछले तीन–चार दिनों से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने बलौदा बाजार जिला सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है, जिस पर आज सुनवाई होनी है। अदालत के फैसले पर शाम तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में पीड़ितों को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों रुपये की ब्लैकमेलिंग की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने बहुस्तरीय जांच शुरू की थी, जिसमें समय-समय पर नए नाम और कड़ियां सामने आती रही हैं।
भाजपा नेता का नाम जुड़ने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में लौट आया है। अब सभी की निगाहें आज होने वाली न्यायालय की सुनवाई पर टिकी हुई हैं, जो इस हाई-प्रोफाइल केस की दिशा तय कर सकती है।




