पटेल समाज ने धूमधाम से मनाई माँ शाकंभरी जयंती….

समाज को व्यवसाय के साथ शिक्षा को बढ़ाने पर दिया जाए विशेष जोर – ताम्रध्वज साहू

अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में मरार पटेल समाज द्वारा आयोजित माँ शाकंभरी महोत्सव एवं क्षेत्रीय सामाजिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, प्रदेश अध्यक्ष सुनील पटेल, जिला अध्यक्ष गया प्रसाद पटेल, आत्माराम पटेल, मोरया पटेल, मानेंद्र पटेल, शेषनारायण पटेल, हितेन्द्र पटेल, सुंदर लाल पटेल, पूर्व सरपंच सुखित यादव, द्रोपती साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज प्रमुखों एवं ग्रामजनों द्वारा परंपरा अनुसार साग-सब्जी भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने माँ शाकंभरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को पौष पूर्णिमा एवं माँ शाकंभरी जयंती की शुभकामनाएं दीं।

सभा को संबोधित करते हुए ताम्रध्वज साहू ने कहा कि पटेल समाज मेहनतकश, संगठित एवं प्रकृति का संरक्षक समाज है, जो हरी सब्जियों के उत्पादन के माध्यम से जनमानस को स्वस्थ रखने का कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज द्वारा शिक्षा, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों एवं सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि समाज को व्यवसाय के साथ-साथ शिक्षा को भी प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि कृषि जैसे पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तकनीक से जोड़कर समाज और अधिक प्रगति कर सके। उन्होंने महात्मा सावित्रीबाई फुले के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के उत्थान का सबसे सशक्त माध्यम है।bकार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मरार पटेल समाज द्वारा सब्जी वितरण के माध्यम से शाकाहारी जीवनशैली एवं स्वस्थ खानपान को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।

Exit mobile version