Saturday, January 17, 2026

नगर दशहरा उत्सव समिति संगीत नगरी खैरागढ़ के तत्वावधान में होगा भव्य दशहरा उत्सव

रास गरबा से शुरुआत और रावण दहन से समापन

रास गरबा का रंग जमेगा, राजा फतेह सिंह खेल मैदान में

24,25 और 26 सितंबर को रास गरबा का भव्य आयोजन

28 सितंबर को होगा लोकरंग, अर्जुंदा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति राजा फतेह सिंह खेल मैदान में

यतेंद्र जीत सिंह “छोटू”,खैरागढ़। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संगीत नगरी खैरागढ़ इस बार भक्ति और संस्कृति के रंग में डूबने जा रही है। नगर में होने वाला नगर दशहरा उत्सव 2025 का आगाज बुधवार 24 सितंबर से तीन दिवसीय रास गरबा के साथ शुरू होगा और नगर में भव्य दशहरा शोभा यात्रा के साथ गुरुवार 2 अक्टूबर को विशालकाय रावण दहन के बाद इसका समापन होगा। नगर पालिका दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और नपाध्यक्ष गिरजा चंद्राकर व सभापति-पार्षदों की अगुवाई में तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।। समिति द्वारा सोमवार 22 सितंबर को बांके बिहारी मंदिर परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की जाएगी।

तीन दिवसीय भव्य गरबा उत्सव के रंग में रंगेंगे नगरवासी
हर साल की तरह इस बार भी राजा फतेह सिंह खेल मैदान में रास गरबा का भव्य आयोजन होगा। बुधवार 24 से शुक्रवार 26 सितंबर तक चलने वाले इस गरबा महोत्सव में प्राथमिक से लेकर महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं तक सभी वर्गों के गरबा प्रेमी शामिल होंगे। तीन दिन तक शहर की फिज़ा गरबे की ताल पर थिरकती नजर आएगी। गरबा समापन के बाद रविवार 28 सितंबर को राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सांस्कृतिक लोकमंच लोकरंग अर्जुंदा वाले की रंगारंग प्रस्तुति होगी। दीपक चंद्राकर कृत इस कार्यक्रम में लोककला की झलक देखने हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। पूरी रात चलने वाले इस आयोजन में संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम होगा।

रंग-बिरंगीआकाशीयआतिशबाजी के बीच रावण दहन का भव्य होगा नजारा
दशहरा उत्सव का समापन गुरुवार 2 अक्टूबर को ईतवारी बाजार स्थित रावण भाठा मैदान में विशाल रावण दहन के साथ होगा। इससे पहले बांके बिहारी मंदिर परिसर से दुर्गा प्रतिमा की पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में राऊत नाच, पंथी दल, धुमाल, रथ पर सवार राम-लक्ष्मण, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें