डबल इंजन की सरकार में मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही ग्रामीण जनता : दामिनी

अंडा। ग्राम भोथली से तिरगा रोड और भोथली से खुर्सीपार होते हुए निकुम पहुंच मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जगह-जगह गड्ढों और उखड़े हुए डामर की वजह से ग्रामीणों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में यह मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है।

जनपद सदस्य दामिनी मुकेश साहू ने इस विषय पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद ग्रामीण जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी ज़रूरतें ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं।

उन्होंने कहा कि “सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने की बातें करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। भोथली से तिरगा और निकुम तक जाने वाले इस मुख्य मार्ग की स्थिति वर्षों से बदहाल है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।”

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण बीमारों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। साथ ही स्कूली बच्चों और किसानों को भी रोजाना जोखिम उठाकर आना-जाना पड़ता है।

दामिनी साहू ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इन मार्गों की मरम्मत कराई जाए और ग्रामीण जनता को राहत प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनपद स्तर पर आंदोलन करने के लिए ग्रामीण मजबूर होंगे।

Exit mobile version