जनसंपर्क अधिकारी के दफ्तर में घुसकर अभद्रता — अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग

मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते हुए घुसे कुछ लोग, की गाली-गलौज और तोड़फोड़

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ संवाद कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया जब कुछ लोग मोबाइल की रिकॉर्डिंग चालू रखकर विभागीय अपर संचालक संजीव तिवारी के दफ्तर में घुस आए और अभद्रता करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज, झूमाझटकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया।

घटना की तीखी निंदा करते हुए छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि यह न केवल एक अधिकारी पर हमला है, बल्कि पूरे जनसंपर्क विभाग की संस्थागत गरिमा पर सीधा प्रहार है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।

तंबोली ने कहा —

“यह पूरी घटना योजनाबद्ध और सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है। शासकीय कार्यालय में इस तरह का प्रवेश, वरिष्ठ अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार और खुलेआम धमकी देना इस बात का प्रमाण है कि कुछ असामाजिक तत्व पत्रकारिता की आड़ में गुंडागर्दी कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि जनसंपर्क विभाग का कार्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है, और विभाग के अधिकारी शासन और समाज दोनों के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा से कार्य करते हैं।
ऐसे में पत्रकारिता के नाम पर कानून को हाथ में लेने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Exit mobile version