भिलाई,दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने पुलगांव क्षेत्र के चर्चित गनियारी दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। लगभग डेढ़ साल पहले 6 मार्च 2024 को हुई वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की हत्या के पीछे अवैध संबंधों का काला सच सामने आया है। मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद (23) और उसके साथी पंकज निषाद (30) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मृतिकाओं के ही गांव के रहने वाले हैं।
कैसे हुआ खुलासा — पुलिस ने कराए ब्रेनमैपिंग और नार्को टेस्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने राजपत्रित अधिकारी और एसीसीयू टीम की संयुक्त विशेष टीम गठित की थी। पुलिस ने 62 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और अहम साक्ष्य जुटाए। संदेहियों का अहमदाबाद और रायपुर में पॉलीग्राफ, ब्रेनमैपिंग और नार्को टेस्ट कराया गया, जिसमें चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपी चुमेन्द्र ने कबूल किया कि उसने अपने अवैध संबंधों के खुलासे के डर से दादी और पोती दोनों की हत्या कर दी।
शर्मनाक सच — अवैध संबंधों के खुलासे के डर से रचा खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, आरोपी चुमेन्द्र की 19 फरवरी 2024 को सगाई हो चुकी थी। मृतिका बालिका ने यह बात जान ली थी और अपने सहेलियों से कहा था कि वह आरोपी और उसके परिवार को बर्बाद कर देगी। यह सुनकर आरोपी ने अपने शराब तस्कर साथियों पंकज और एक अन्य फरार आरोपी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
घटना की रात आरोपी ने गांव से बाहर रहने का बहाना बनाया, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे अपने घर लौटा। फिर व्हाट्सएप कॉल कर अपने साथियों को बुलाया। रात के सन्नाटे में वह बालिका के घर पहुंचा, दरवाजा खुलवाया और “चलो शादी करेंगे, भाग चलते हैं” कहकर बहलाने की कोशिश की। बालिका ने जब सगाई का हवाला देकर मना किया, तो आरोपी ने टंगीया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। चीख सुनकर दादी बाहर निकली तो उस पर भी बेरहमी से चाकू से हमला किया गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने हथियार तालाब में धोए और फरार हो गया।
आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि
मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद और पंकज निषाद दोनों पहले से शराब तस्करी और मारपीट के मामलों में आरोपी रह चुके हैं।
पुलगांव थाने में इनके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं —
चुमेन्द्र निषाद: धारा 294, 323, 506, 34 भादवि, आबकारी एक्ट 34(2) 59(क), व बीएनएस की धाराएं।
पंकज निषाद: धारा 294, 323, 506, 34 भादवि, व आबकारी एक्ट 34(2) 36 के तहत अपराध दर्ज।
मुख्य बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से, मोबाइल 02 नग, धारदार चाकू 01 नग, स्कार्पियो वाहन (सीजी 06 ई 6666)
बरामद किया है। तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में बड़ी कामयाबी
इस जघन्य दोहरे हत्याकांड के खुलासे में एसएसपी दुर्ग के मार्गदर्शन में थाना पुलगांव और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई है।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




