दुर्ग, 9 अक्टूबर 2025।
नशे के खिलाफ छेड़े गए “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने सितंबर महीने में बड़ी सफलता हासिल की है। एक माह के भीतर पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त दर्जनों तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है और करोड़ों रुपए की नशीली सामग्री जब्त की है।
एक महीने में बड़ा अभियान, रिकॉर्ड जब्ती
दुर्ग पुलिस ने 1 सितंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 22 प्रकरणों में 438.748 किलो गांजा बरामद किया है।
इन मामलों में 22 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें 6 अन्य राज्यों के तस्कर हैं।
इसी अवधि में हेरोइन (चिट्टा) के 3 मामलों में 33 आरोपी पकड़े गए, जबकि थाना मोहन नगर क्षेत्र में 246 ग्राम चिट्टा के साथ 30 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जांच में यह अंतरराज्यीय गिरोह निकलकर सामने आया है।
पहली बार अफीम तस्करी में गिरफ्तारी
इस वर्ष जिले में पहली बार अफीम तस्करी के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा, जिनमें 2 पंजाब निवासी हैं।
नशीली दवाओं की तस्करी पर भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 28,436 टैबलेट्स और कैप्सूल जब्त किए हैं।
16 सितंबर को एक दिन में 19 गिरफ्तार
16 सितंबर को विशेष अभियान चलाकर दुर्ग पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 17 प्रकरणों में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान 19.531 किलो गांजा और 106 नग टैबलेट्स/सीरप बरामद किए गए।
तस्करी में प्रयुक्त 72 वाहनों को राजसात किया गया है और इन्हें MSTC वेबसाइट के माध्यम से नीलामी की प्रक्रिया जारी है। कंटेनर से 388 किलो गांजा बरामद
थाना कुम्हारी क्षेत्र में पुलिस ने कंटेनर में छिपाकर ले जाया जा रहा 388 किलो गांजा पकड़ा।
इस मामले में महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्कर और कंटेनर चालक गिरफ्तार किए गए।
वहीं थाना मोहन नगर में पंजाब के चार तस्करों के कब्जे से 246 ग्राम चिट्टा मिला।
इस गिरोह के 30 से अधिक स्थानीय विक्रेताओं को भी पकड़ा गया है और आगे और गिरफ्तारियां संभावित हैं।
कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों टैबलेट बरामद
अभियान के दौरान एसीसीयू की टीम ने कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों की संख्या में अल्प्राजोलम टैबलेट्स बरामद किए।
वहीं थाना कोतवाली में 10,000 से अधिक नशीली दवाओं के टैबलेट्स जब्त किए गए।
नशे का नष्टीकरण और पुलिस की सख्त नीति
1 सितंबर को पुलिस द्वारा अब तक जब्त सामग्री में से लगभग 1620 किलो गांजा, 277 ग्राम हेरोइन, 214 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.73 लाख नशीली दवाओं का सार्वजनिक नष्टीकरण किया गया।
कुल जब्ती का मूल्य लगभग 84.77 लाख रुपये आंका गया है।
एसपी दुर्ग का संदेश
दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने कहा कि –
“ऑपरेशन विश्वास का उद्देश्य नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना और युवाओं को इस विनाशकारी लत से बचाना है। पुलिस की कार्यवाही आगे भी और सख्त की जाएगी।”
